Oct 30 2026 / 7:55 PM

लोकसभा चुनाव: टीएमसी ने जारी किया घोषणा पत्र, सीएए रद्द करने और एनआरसी लागू न करने का वादा

कोलकाता। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कुछ ही दिनों में वोटिंग शुरू होने वाली है। इस चुनाव के लिहाज से पश्चिम बंगाल का अहम स्थान है क्योंकि यहां कुल 42 लोकसभा सीटें हैं। यूपी और महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाला राज्य पश्चिम बंगाल हीं है। इसी क्रम में अब राज्य की सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है।

तृणमूल कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र को ‘दीदीर शपथ’ नाम दिया है। पार्टी ने घोषणापत्र में कहा है कि देशभर में प्रत्येक गरीब परिवार को सम्मानजनक आवास दिया जाएगा। सभी जॉब कार्ड धारकों को 100 दिनों की गारंटी वाला काम प्रदान किया जाएगा और सभी श्रमिकों को प्रति दिन 400 का न्यूनतम वेतन मिलेगा। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार, भारत के किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी, जो सभी फसलों की उत्पादन लागत से न्यूनतम 50% अधिक होगी।

तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जारी किए गए अपने घोषणापत्र में नागरिकता संशोधन अधिनियम यानी सीएए को रद्द करने और एनआरसी को रोकने का वादा किया है। पार्टी ने घोषणापत्र में घर-घर राशन, बीपीएल परिवारों के लिए 10 मुफ्त रसोई सिलेंडर सहित कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं का वादा किया है।

पश्चिम बंगाल में लोकसभा की कुल 42 सीटों पर 7 चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 19 अप्रैल को लोकसभा की तीन सीटों पर चुनाव होगा। वहीं दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 3 सीटों पर वोटिंग होगी। तीसरे चरण में 7 मई को चार सीटों पर वोटिंग होगी। चौथे चरण में 8 सीटों पर 13 मई को वोटिंग होगी। पांचवें चरण में 20 मई को 7 सीटों पर वोटिंग होगी। छठे चरण में 25 मई को 8 सीटों पर वोटिंग होगी जबकि आखिरी चरण में 1 जून को राज्य की 9 सीटों पर वोटिंग होगी।

Share With

मध्यप्रदेश