बेशर्मी: अनाथ आश्रम में 4 मासूमों की मौत, संचालिका के साथ हंसी-मजाक करते नजर आए SDM
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से आज बेहद दुखद खबर सामने आई जहां एक अनाथ आश्रम में इंफेक्शन से 4 बच्चों की मौत हो गई। इस मामले की जांच के लिए SDM ओमप्रकाश बड़कुल मौके पर पहुंचे। लेकिन मासूमों की मौत की कार्रवाई करने के बजाय आश्रम संचालिका अनिता शर्मा के साथ हंसी-ठिठोली करते नजर आए। इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है।
दरअसल मल्हारगंज स्थित श्री युगपुरुष धाम आश्रम में पिछले दो दिनों में बारह बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इनमें से 4 बच्चों की मौत हो गई है। बच्चों के खून में किसी प्रकार का इंफेक्शन पाया गया है। इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह इस मामले को लेकर गंभीर नजर आए थे। जानकारी मिलते ही कलेक्टर तत्काल चाचा नेहरू अस्पताल पहुंचे और उचित दिशा निर्देश अस्पताल से ही जारी करते नजर आए।
इसके साथ ही चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भी स्पेशल टीम मौके पर तत्काल पहुंची लेकिन जिला प्रशासन के आला अधिकारी न ही इस मामले की गंभीरता को समझ रहे हैं और न ही खुद इस केस में अपनी रुचि दिखा रहे हैं। आश्रम में जिस वक्त बच्चों की डेड बॉडी रखी हुई थी उसी समय एसडीएम ओमप्रकाश बड़कुल, आश्रम संचालिका अनिता शर्मा एक और अधिकारी के साथ हंसी ठिठोली करती हुई दिखाई दी। इस वीडियो से यह समझा जा सकता है कि बच्चों की मौत के मामले में प्रशासन के अधिकारी और संचालक कितने गंभीर है।
