Oct 06 2026 / 11:02 PM

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे भारतीय वायु सेना के नए चीफ

नई दिल्ली। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायु सेना के नए चीफ के पद पर नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित आगामी 31 अक्टूबर, 2026 को वायु सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण करेंगे। एयर मार्शल दीक्षित वायु सेना के मौजूदा चीफ एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे जो इसी महीने के अंत में रिटायर हो रहे हैं।

बतौर वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2028 तक होगा। फिलहाल वायस चीफ ऑफ एयर स्टाफ का पद संभाल रहे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी वायु सेना का नेतृत्व किया था।

देश के बेहतरीन लड़ाकू विमान पायलटों में एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का नाम लिया जाता है। वो मिराज-2000, मिग फाइटर जेट्स के अलग-अलग वर्जन, HPT-32, An-32, एवरो, किरण, जगुआर, IL-78, हॉक और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों को उड़ाने में एक्सपर्ट हैं। उनके पास 3500 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है।

वो एक एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं। अब तक के लगभग चार दशक लंबे करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। एयर मार्शल दीक्षित कारगिल वॉर का भी हिस्सा थे। इसके अलावा ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और कोप-इंडिया जैसे महत्वपूर्ण ऑपरेशंस में भी वो शामिल रहे हैं।

भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को साल 1986 में कमीशन किया गया था। उन्होंने वेस्टर्न सेक्टर में फ्रंट-लाइन फाइटर एयर बेस और सदर्न सेक्टर में प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस की जिम्मेदारी भी संभाली है।

वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ का पद संभालने से पहले वो हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ टू द चेयरमैन, चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी और सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

Share With

मध्यप्रदेश