Sep 29 2026 / 11:22 PM

वे राहुल गांधी हैं, कभी एकांतवास में तो कभी थाईलैंड चले जाते हैं…,बालाघाट दौरे पर कैलाश विजयवर्गीय का तंज

धार। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंगलवार को धार प्रवास पर पहुंचे। सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर तीखा राजनीतिक तंज कसा।

मध्‍य प्रदेश के बालाघाट दौरे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आने वाले हैं। मंत्री विजयवर्गीय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी देश या विदेश में कहीं भी घूम सकते हैं और इस पर कोई भी प्रतिक्रिया देना व्‍यर्थ है।

उन्‍होंने कहा कि राहुल गांधी अक्सर एकांतवास के लिए कभी थाईलैंड तो कभी कहीं और निकल जाते हैं, इसलिए उनके दौरों और यात्राओं पर किसी प्रकार की खास टिप्‍पणी करने की आवश्‍यकता नहीं है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष कहीं भी आने-जाने के लिए स्‍वतंत्र हैं।

धार शहर के प्रस्तावित मास्टर प्लान को लेकर उठ रहे सवालों और आपत्तियों पर प्रभारी मंत्री ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो सामने आया है, वह केवल मास्टर प्लान का एक प्रारंभिक ड्राफ्ट है, कोई अंतिम फैसला नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस ड्राफ्ट पर जो भी आपत्तियां और सुझाव आएंगे, सभी जनप्रतिनिधि मिलकर उस पर विचार करेंगे और जनता के हित में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

भोपाल में होने वाली आगामी बैठक पर विजयवर्गीय ने कहा कि वह पूरी तरह से संगठन की आंतरिक बैठक है और पार्टी की रणनीतियां पहले से सार्वजनिक नहीं की जातीं। इसके बाद प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले के विकास कार्यों का जायजा लिया।

Share With

मध्यप्रदेश