Oct 11 2026 / 10:54 PM

दिल्ली से चेन्नई जा रहे विमान में आग लगी, हैदराबाद में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली। दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।इस फ्लाइट में एक पैसेंजर का पावर बैंक ब्लास्ट होने से बैग में आग लग गई थी। धुआं निकलता देख यात्रियों ने क्रू को खबर दी। इसके बाद प्लेन को हैदराबाद डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिग करवाई गई। एयरलाइन इंडिगो के मुताबिक, फ्लाइट संख्या- 6E 6115 रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी।

उड़ान के दौरान केबिन में यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने का पता चला। इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। स्थापित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत पायलटों ने विमान को हैदराबाद डायवर्ट करने का फैसला किया। इसके बाद विमान ने हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। एयरलाइन ने बताया कि चालक दल ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए स्थिति को संभाला।

हालांकि, एयरलाइन ने यह नहीं बताया कि किस तरह का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस था या धुएं की असल वजह क्या थी। घटना के बारे में शुरुआती जानकारी से पता चला था कि शायद किसी यात्री के पावर बैंक में आग लग गई थी। हालांकि, इंडिगो के बयान में किसी पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने की बात कही गई, लेकिन यह कन्फर्म नहीं किया गया कि वह पावर बैंक ही था।

प्रवक्ता ने कहा, “इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण हमारे ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हम इसे कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं, जिसमें रिफ्रेशमेंट देना और समय पर जानकारी देना शामिल है।” एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share With

मध्यप्रदेश