उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने OSD दीपम रायचूरा को हटाया, शराब ठेके के लिए 1 करोड़ मांगने का आरोप
भोपाल। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने 1 करोड़ रुपए की रिश्वत लेने के आरोपों से घिरे अपने OSD दीपम रायचूरा को प्रभार से हटा दिया है। देवड़ा ने कहा कि शराब ठेकों में 2024-25 के दौरान कथित अनियमितताओं की जांच के निर्देश दिए हैं।
देवड़ा के मुताबिक, दीपम रायचूरा वर्तमान में उनके OSD हैं, लेकिन 2024-25 में भोपाल में सहायक आबकारी अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। उस समय वे उनके OSD नहीं थे। शराब ठेकों में गड़बड़ियों की जानकारी उन्हें समाचार पत्र के जरिए मिली।
यह है पूरा मामला
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा धोखाधड़ी और जालसाजी के एक बड़े मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहित गोगिया (जिस पर इनकम टैक्स और ईडी की कार्रवाई भी हो चुकी है) ने जांच एजेंसियों के सामने सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
शराब ठेके के एवज में 1 करोड़ की रिश्वत: आरोपी मोहित गोगिया ने जांच एजेंसी को बताया कि उसने वर्ष 2024-25 में टीटी नगर की दो शराब दुकानों का ठेका जसवंत कुमार के नाम पर दिलवाने के लिए डिप्टी सीएम के ओएसडी दीपम रायचुरा को 1 करोड़ रुपये दिए थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इस रकम में से 50 लाख रुपये नकद दिए गए थे, जिसे दीपक दुबे नामक व्यक्ति ने शालिमार फोर्टलेजा स्थित फ्लैट से लिया था। दीपक दुबे को ओएसडी दीपम रायचुरा का करीबी बताया जा रहा है।
