Oct 29 2026 / 9:29 PM

कर्नाटक में 8 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ नंदिनी दूध, 1 नवंबर से लागू होंगी नई दरें

नई दिल्ली। कर्नाटक के लोगों को दूध खरीदने के लिए अब पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। नंदिनी दूध की कीमतों में प्रति लीटर 8 रुपये तक की बढ़ोत्तरी की गई है। दूध की बढ़ी हुई कीमत आगामी 1 नवंबर से लागू होगी। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने कैबिनेट बैठक में दूध की कीमतें बढ़ाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रदेश सरकार में मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि दुग्ध उत्पादक किसानों के हित में फैसला लेते हुए सरकार ने कीमतों में वृद्धि करने का निर्णय लिया है।

गौड़ा ने बताया कि दूध की कीमत में जो वृद्धि हुई है उसमें 7 रुपये प्रति लीटर दूध उत्पादक किसानों को मिलेंगे, वहीं प्रदेश की दुग्ध सहकारी समितियों को 1 रुपये प्रति लीटर दिया जाएगा। इससे किसानों और दुग्ध सहकारी समितियों दोनों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे राज्य के दूध उत्पादक किसान लंबे समय से दूध की कीमतें बढ़ाए जाने की मांग कर रहे थे।

वहीं अलग-अलग राजनीतिक दलों ने भी किसानों की मांग का समर्थन किया था। पिछले दिनों के किसानों के प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, प्रदेश के पशुपालन मंत्री और सहकारिता मंत्री से मुलाकात भी हुई थी। किसान प्रतिनिधियों की तरफ से हालांकि 10 रुपये प्रति लीटर दूध की कीमत बढ़ाने की मांग रखी गई थी मगर कैबिनेट ने 8 रुपये प्रति लीटर कीमत बढ़ाने पर सहमति जताई है।

नई कीमतें लागू होने के बाद नंदिनी ब्रांड का टोंड दूध जो अभी 46 रुपये प्रति लीटर की दर से बाजार में बिकता है वो 1 नवंबर से 54 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर मिलेगा। मंत्री ने बताया कि अभी दूध उत्पादक किसानों को लगभग 35 रुपये प्रति लीटर कीमत मिलती हैं और राज्य सरकार के द्वारा उनको 5 रुपये प्रति लीटर का इंसेंटिव भी दिया जाता है। मगर अब किसानों को प्रति लीटर 42 रुपये मिलेंगे साथ ही सरकारी इंसेंटिव भी जारी रहेगा।

Share With

मध्यप्रदेश