Oct 28 2026 / 9:56 PM

कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर दिल्ली में अपना झंडा लहराया है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में आम आदमी पार्टी को 62 सीटें मिली हैं। आम आदमी पार्टी के मुख्य नेता अरविंद केजरीवाल कल तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। अरविंद केजरीवाल कल यानि 16 फरवरी को सुबह 10 बजे शपथ लेंगे।

केजरीवाल के साथ जो छह मंत्री शपथ लेंगे, वे हैं- मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र गौतम। उधर, तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद रविवार को संभालने जा रहे अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह की यहां ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं।

नौकरशाह से नेता बने 51 वर्षीय केजरीवाल के लिए अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के दौरान आंदोलन स्थली रहे इस मैदान को सजाया जा रहा है तथा पार्टी कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हुए हैं। शपथ ग्रहण समारोह के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को भी न्योता दिया गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह इसमें हिस्सा लेंगे या नहीं क्योंकि उन्हें रविवार को वाराणसी जाना है।

Share With

मध्यप्रदेश