Oct 28 2026 / 9:56 PM

पंजाब: संगरूर में स्कूल वैन में लगी आग, चार बच्चों की जलकर मौत

संगरूर। पंजाब के संगरूर जिले के कस्बा लौंगोवाल में स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही वैन में आग लगने से चार बच्चों के जिंदा जल जाने का दर्दनाक मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। वहीं मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बदहवासी की हालत में हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक वैन में अचानक आग लग गई। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग दौड़े आए और उन्होंने बच्चों को स्कूल वैन से बाहर निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया।

इस घटना में कई बच्चे झुलस गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। खबर मिलते ही फायर बिग्रेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची, तब तक लोग बच्चों को बाहर निकाल चुके थे। बताया जा रहा है कि वैन में 12 बच्चे सवार थे। मृतकों की उम्र चार से पांच साल के बीच थी।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
स्कूल वैन में आग लगने से जिंदा जलने से चार बच्चों की मौत पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शोक जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। मृत बच्चों के परिजनों के दर्द का अंदाजा में लगा सकता हूं। मैंने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं, दोषियों को सजा जरूर दी जाएगी। किस स्तर पर कैसी लापरवाही बरती गई, इसकी पूरी जांच करके न्याय दिलाया जाएगा।

Share With

मध्यप्रदेश