Oct 28 2026 / 10:50 PM

अलीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बवाल शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी माहौल एक बार फिर से तनावपूर्ण हो गया है। यहां ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र में सीएए, एनआरसी और एनपीआर के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के बीच प्रदर्शनकारियों ने उपद्रव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

इस बीच एक प्रदर्शनकारी युवक को गोली लग गई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पत्‍थर लगने से आरएएफ का एक कॉन्‍स्‍टेबल भी घायल हो गया। ऊपरकोट के अलावा शाहजमाल इलाके में भी स्थिति गड़बड़ है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी युवकों ने तुर्कमान गेट के पास एक धार्मिक स्थल पर पत्थरबाजी कर दी, जिसके बाद से हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों की संख्या सैकड़ों में है।

दूसरी ओर, कोतवाली के बाबरी मंडी में दो कॉन्‍स्‍टेबलों के घेराव की सूचना पर पुलिस अधिकारी आरएएफ और पीएससी बल के साथ बावरी मंडी के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्‍ते में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में आंसू गैस के गोले छोड़े। बवाल के बाद देहलीगेट और ऊपरकोट थाना क्षेत्र की सभी दुकानों को बंद करा दिया गया है।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। प्रदर्शनकारियों को अधिकारियों की तरफ से काफी समझाने के बाद भी इलाके में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। एसएसपी, डीएम और आरएएफ के जवान ऊपरकोट कोतवाली पर डटे हुए हैं।

डीएम ने दावा किया है कि प्रदर्शनकारी महिलाओं को भड़काने के पीछे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) की कुछ छात्राओं का हाथ है। उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। अभी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन उपद्रव के दौरान जितना नुकसान हुआ है, उसकी वसूली प्रदर्शनकारियों से की जाएगी।

बाबरी मंडी में तारिक नाम के युवक को गोली लगने की जानकारी मिली है। घायल को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है। गोली किस प्रकार लगी और किसने मारी, अभी तक इसकी सही जानकारी नहीं हो पा रही है। प्रदर्शनकारियों के पथराव में आरएएफ का एक कॉन्‍स्‍टेबल भी घायल हुआ, जिसकी पहचान सुभाष राठी के तौर पर हुई है।

Share With

मध्यप्रदेश