Oct 29 2026 / 4:21 AM

छत्तीसगढ़: नक्सली मुठभेड़ में 17 जवान शहीद

सुकमा। सुकमा नक्सली हमले से जुड़ी एक बहुत बड़ी खबर आ रही है। शुक्रवार शाम हुई नक्सली मुठभेड़ में 17 जवान शहीद हो गये हैं। कल शाम से ही ये 17 जवान लापता थे। आज सुबह 500 से ज्यादा जवानों को इनकी तलाश में भेजा गया था। मुठभेड़ स्थल पर ही इन सभी जवानों के शव मिले हैं।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने आज बताया कि चिंतागुफा इलाके के कसालपाड मिनपा में कल हुयी नक्सली मुठभेड़ के बाद से सत्रह जवान लापता बताए गए थे। जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी। आज सभी लापता सत्रह जवान सर्चिंग के दौरान मृत हालत में मिले हैं। शहीदों में जिला रिजर्व पुलिस बल और स्पेशल टॉक फोर्स के जवान शामिल होना बताए जा रहे हैं।

शहीद जवानों में स्पेशल टॉक्स फोर्स के गीताराम राठिया प्लाटून कमॉडो रायगढ़, नारद निषाद सहायक प्लाटून कमॉडो बालोद, आरक्षक हेमंत पोया कांकेर, आरक्षक अमरजीत खलखो जशपुर, सहायक आरक्षक मड़कम बुच्चा सुकमा तथा जिला रिजर्व पुलिस बल के आरक्षक हेमंत दास सुकमा, सहायक आरक्षक गंधम रमेश सुकमा आरक्षक लिबरू राम बघेल सुकमा, आरक्षक सोयाम रमेश सुकमा शामिल हैं।

इसके अलावा सहायक आरक्षक उईका कमलेश सुकमा, सहायक आरक्षक पोड़ियम मुत्ता सुकमा, सहायक उईका धुरवा सुकमा, आरक्षक वंजाम नागेश सुकमा, प्रधान आरक्षक मड़कम सुकमा, आरक्षक पोड़ियाम लखमा बीजापुर, आरक्षक मड़कम हिड़मा सुकमा और गोपनीय सैनिक नितेन्द्र बंजामी सुकमा शामिल हैं। वहीं, इस मुठभेड़ में पंद्रह जवान घायल हो गए, जिन्हें कल ही हेलिकॉप्टर द्वारा रायपुर ले जाया गया, जिनमें पांच जवानों की हालत गंभीर बताई गयी है।

पुलिस और नक्सलियों के बीच कल लगभग पांच घंटे तक मुठभेड़ चली, जिसमें पांच से छह नक्सलियों के मारे जाने का भी दावा किया गया है। वहीं, इस मुठभेड़ में कई अन्य नक्सली घायल भी हुए हैं। जवानों ने मारे गए नक्सलियों में एक का शव बरामद कर लिया है। वहीं नक्सलियों द्वारा पंद्रह रायफल भी लूटे जाने की सूचना है।

Share With

मध्यप्रदेश