कल से दूरदर्शन पर फिर से होगा रामायण का प्रसारण, जानिए समय
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का कहर हर तरफ देखने को मिल रहा है। देश को बचाने के 21 दिन के लॉकडाउन कर दिया गया है। ऐसे में उन लोगों को घरों से बाहर निकलने की इजाजत है, जिन्हें जरूरी सेवाओं के अंतर्गत कुछ काम हो। अब लॉकडाउन के बीच सरकार ने आखिरकार वह फैसला कर ही लिया, जिसकी पिछले दो दिनों से जबदस्त मांग की जा रही थी। केंद्रीय सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक, रामानंद सागर की रामायण का एक बार फिर प्रसारण किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दी जानकारी
मंत्री सूचना और प्रसारण प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि जनता की मांग पर यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हम कल, शनिवार 28 मार्च से डीडी नेशनल में ‘रामायण’ का पुन: प्रसारण शुरू कर रहे हैं, एक एपिसोड सुबह 9 बजे से सुबह 10 बजे तक, दूसरा शाम 9 बजे से रात 10 बजे तक आएगा। बता दें कि 21 दिनों के लॉकडाउन की वजह से लगातार रामायण के दोबारा प्रसारण की मांग उठाई जाती रही थी। पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर दर्शक लगातार रामायण को एक बार फिर से दूरदर्शन पर प्रसारित करने की मांग कर रहे थे।
33 साल पहले हुआ था रामायण का प्रसारण
रामायण सीरियल का निर्माण, लेखन और निर्देशन रामानन्द सागर ने किया था। कुल 78 कड़ियों के यह धारावाहिक बना था, जिसका प्रसारण दूरदर्शन पर किया गया था। पहला धारावाहिक 25 जनवरी 1987 को हुआ था और आखिरी 31 जुलाई 1988 को। हर रविवार सुबह 9.30 बजे इसका प्रसारण किया जाता था। हर गांव, हर शहर में तब कर्फ्यू जैसा माहौल होता था। तब लोग अपने टीवी पर माला पहना देते थे। लोगों का विश्वास था कि ईश्वर साक्षात उनके घर आ गए हैं।
