Oct 29 2026 / 5:48 AM

सीएम भूपेश बघेल ने जाना कोरोना मरीजों का हाल-चाल, एम्स के डायरेक्टर से फोन पर की बात

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को एम्स के डायरेक्टर डॉ.एन.एम. नगरकर से फोन पर बात कर एम्स में भर्ती कोराना पीड़ित मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका हाल-चाल जाना। एम्स के डायरेक्टर डॉ.एन.एम. नागरकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि कोरोना वायरस के पीड़ित एम्स में भर्ती सभी मरीज की स्थिति सामान्य है। एम्स प्रबंधन द्वारा उनका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए एम्स में सभी आवश्यक तैयारी पूरी है।

इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज शाम अपने निवास कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर प्रदेश में कोराना वायरस (कोविड-19) की रोकथाम के लिए की गई व्यवस्थाओं और आमजनता को खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति के संबंध में बैठक लेकर इसकी समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू को इस संबंध में सभी जिलों से जानकारी लेने को भी कहा है। मुख्यमंत्री की बैठक के पहले अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से वीडियो कांफ्रेसिंग करेंगे और जिलों में कोरोना वायरस से निपटने के लिए किए गए इंतजामों और लागों को खाद्यान्न सहित अन्य दैनिक जरूरतों के सामान की आपूर्ति हेतु की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

Share With

मध्यप्रदेश