कोरोना वायरस: अक्षय कुमार ने प्रधानमंत्री राहत कोष में दिए 25 करोड़ रुपये
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की आर्थिक तौर पर हर कोई मदद कर रहा है। चाहे वो कोई बिजनेसमैन हो या फिर बॉलिवुड स्टार्स। इस कड़ी में नया नाम जुड़ गया है अक्षय कुमार का। उन्होंने ट्वीट कर ऐलान किया है कि वो अपनी सेविंग्स में से 25 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में दान करेंगे।
अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, ये ऐसा वक्त है जब किसी भी इंसान की जान की कीमत सबसे ज्यादा है। ऐसे में मदद के लिए हर जरूरी कदम हमें उठाने होंगे। ऐसे अहम वक्त में मैं अपनी सेविंग्स से 25 करोड़ रुपये की मदद करता हूं। क्योंकि अगर जान है तो जहान है।
इसके पहले पीएम मोदी ने ट्वीट किया था और लिखा था- पीएम केयर्स फंड छोटे दान भी एक्सेप्ट करता है। ये आपदा प्रबंधन की क्षमताओं को मजबूत करेगा। और लोगों की सुरक्षा पर हो रहे अध्ययन को भी प्रोत्साहित करेगा। आइए हम अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए भारत को स्वस्थ और समृद्ध बनाने में कोई कसर न छोड़ें।
अक्षय कुमार जितना दान कर रहे हैं, उतना अब तक किसी सेलिब्रिटी ने नहीं किया। इसके पहले कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी 50 लाख रुपये दान किए थे। सुपरस्टार रजनीकांत ने 50 लाख रुपए डोनेट किए। फिल्म स्टार्स सूर्या, शिवकार्तिकेयन और विजय सेतुपति ने 10-10 लाख डोनेट किए। वहीं, पवन कल्याण ने भी 2 करोड़ रुपए डोनेट किए हैं।
