Jul 27 2026 / 10:31 AM

महाराष्ट्र छोड़कर नहीं जाएं प्रवासी मजदूर, हम करेंगे देखभाल: उद्धव ठाकरे

मुंबई। लॉकडाउन में काम-काज बंद होने से प्रवासी मजदूर घर वापसी कर रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार सभी प्रवासी मजदूरों की देखभाल करेगी और मूलभूत जरूरतें जैसे खाना पानी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि ‘शिव भोजन’ योजना के तहत एक अप्रैल से 10 रुपये के बजाय पांच रुपये में खाना मिलेगा।

ठाकरे ने बताया कि पूरे राज्य में पहले ही 163 केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं जहां पर प्रवासी मजदूरों को खाना और पानी मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने कहा, राज्य उनकी रक्षा करेगा और खाना मुहैया कराएगा लेकिन उन्हें अपने स्थानों को छोड़कर नहीं जाना चाहिए। मैं समझ सकता हूं कि वे चिंतित हैं लेकिन उन्हें नहीं जाना चाहिए। उन्हें संक्रमण के खतरे को बढ़ाने से बचना चाहिए।

वहीं मुंबई से रविवार को 64 मजदूरों को अवैध रूप से उत्तर प्रदेश ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ा गया और इसे चलाने वाले दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साकी नाका पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि पवई में सुबह मजदूरों को एक ट्रक में लदे हुए पाया गया।

एक अधिकारी ने कहा, ट्रक चला रहे अमजद अली रज्जाक शाह (32) और उसके भाई व वाहन के मालिक मोहम्मद शाह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वे उन्हें उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से 2,500 रुपये ले रहे थे।

जोन एक्स के पुलिस उपायुक्त अंकित गोयल ने कहा कि मजदूरों को छोड़ दिया गया, जबकि नगर निकाय के अधिकारियों से उन्हें भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा, हमने भारतीय दंड संहिता की धारा 269 और 188द के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को हिरासत में लिया गया है।

Share With

मध्यप्रदेश