दिल्ली: मोहल्ला क्लीनिक का एक और डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव
नई दिल्ली। दिल्ली के बाबरपुर मोहल्ला क्लीनिक में एक डॉक्टर कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया। जिन मरीजों ने 12 से 20 मार्च के बीच उस डॉक्टर से मुलाकात की थी या डॉक्टरी परामर्श लिया था, उनके लिए एक नोटिस जारी किया गया है कि वह अपने आप को अगले 15 दिनों के लिए क्वारंटीन में रखें।
बता दें कि इससे पहले भी मोहल्ला क्लीनिक का एक डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसे सऊदी से लौटी महिला ने संक्रमित किया था, जो दिल्ली का केस नंबर-10 था। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले दिनों मोहल्ला क्लीनिक में अपना उपचार करवाने आए कम से कम 900 व्यक्ति इस डॉक्टर के संपर्क में आए हैं।
10 मार्च को सऊदी अरब से आई एक महिला मोहल्ला क्लीनिक के इस डॉक्टर के संपर्क में आई थी। सऊदी अरब से लौटी यह महिला दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में रहती है। महिला कोरोना वायरस से ग्रस्त पाई गई है। सऊदी अरब से आई इस महिला के उपचार के दौरान मोहल्ला क्लीनिक का यह डॉक्टर भी संक्रमित हो गया।
डॉक्टर के साथ ही उनकी पत्नी और बेटी भी इसका शिकार हो गई हैं। सऊदी अरब से आई महिला के संपर्क में आने से अभी तक 8 लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। कोरोना पॉजिटिव हुए इन लोगों में सऊदी अरब से आई महिला का दिल्ली में रहने वाला भाई और मां भी शामिल है।
