Oct 28 2026 / 10:48 PM

विदेश से आए नागरिकों की सूचना न देने वालों पर दर्ज करें FIR: सीएम योगी

लखनऊ। तबलीगी जमात में शामिल लोगों के मेडिकल जांच न कराने को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ का रुख बेहद सख्त है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि इस बात का ध्यान रखा जाए कि जमात के लोगों की गलतियों का खमियाजा आम लोगों को न भुगतना पड़े। मानवता के खिलाफ किसी भी तरह की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन लोगों ने मानवता खिलाफ काम किया है, उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

सीएम ने कहा, तबलीगी जमात के लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग और हेल्थ के सारे प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाए। यदि वे पुलिसकर्मियों या स्वास्थ्यकर्मियों के साथ सहयोग न करें और बदसलूकी करें तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा, तबलीगी जमात से जुड़े हर एक शख्स को हर हाल में ढूंढा जाए। उसकी पूरी निगरानी हो। इनमें जो विदेशी हैं, उनका पासपोर्ट जब्त किया जाए। यदि किसी ने कानून तोड़ा है तो उस पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा, जिसने भी जमातियों को छिपाया या शरण दी है, उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाए। सीएम ने कहा, सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ नमाज न पढने दी जाए, जो लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर ऐसा करने की कोशिश करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

राजधानी लखनऊ में अमीनाबाद, मंड़ियांव व काकोरी से 27 जमातियों को पुलिस ने खोजा था। ये सभी मस्जिदों में ठहरे हुए थे। सभी दिल्ली में हुई तबलीगी जमात में शामिल हुए थे। 26 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एक की रिपोर्ट का इंतजार हैं।

Share With

मध्यप्रदेश