Oct 29 2026 / 2:33 AM

यूपी: कन्नौज में नमाजियों की भीड़ हटाने गई पुलिस टीम पर हमला

कन्नौज। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार, राज्य सरकार से लेकर धर्मगुरु तक अपील कर रहे हैं कि नमाज के लिए मस्जिद या किसी एक जगह न इकट्ठे हों और अपने-अपने घरों में ही नमाज अता करें। हालांकि कुछ लोगों को इन अपीलों से कोई फर्क नहीं पड़ता। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में जुमे की नमाज अता करने के लिए जुटी भीड़ को हटाने गई पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी हुई है।

इस घटना में कई पुलिस वाले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। लॉकडाउन के बावजूद जुमे की नमाज के लिए शहर की जामा मस्जिद में नमाजियों की भीड़ जमा हो गई थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की टीम पर नामाजियों ने हमला कर दिया। स्थिति को बिगड़ता देख जान बचाकर पुलिसकर्मी वहां से भाग निकले। इस घटना की जानकारी जब पुलिस महकमे के आला अधिकारियों को मिली तो वे भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तबतक नमाजी मस्जिद से भाग निकले थे।

कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में 21 दिन का लॉकडाउन जारी है। इसके साथ ही सारे धार्मिक स्थल बंद हैं। सरकार लोगों से लगातार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील कर रही है। कोरोना से बचाव का इसे सबसे कारगर उपायों में से एक माना जा रहा है। इसके बाद भी जुमे की नमाज अता करने के लिए कन्नौज की जामा मस्जिद में भीड़ इकट्ठा हो गई। यूपी सरकार ने पुलिस को साफ निर्देश दिए हैं कि लॉकडाउन तोड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाए। इसी के तहत पुलिस नमाजियों को हटाने पहुंची थी लेकिन लोगों ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया।

पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। लॉकडाउन तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पर हमला करने वालों की हम पहचान कर रहे हैं और जल्द ही गिरफ्तार करेंगे। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह के बर्ताव को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share With

मध्यप्रदेश