भारत सरकार ने लॉन्च किया आरोग्य सेतु ऐप, बताएगा कोरोना बचने के उपाय
नई दिल्ली। कोरोना के बारे में लोगों तक सही और सटीक जानकारी देने के लिए भारत सरकार ने नई ऐप आरोग्य सेतु को ऑफिशियली लॉन्च कर दिया है। इसे एंड्रॉयड और आईओएस दोनों यूजर इस्तेमाल कर सकेंगे। इसे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मिनिस्ट्री के अंतर्गत आने वाली राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र ने तैयार किया है।
इस ऐप के जरिए कोरोनावायरस या कोविड-19 को लेकर यूजर तक न सिर्फ सटीक और सही जानकारियां पहुंचाई जाएंगी बल्कि उन्हें किसी कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से भी रोका जा सकेगा।
ऐसे करेगा काम
आरोग्य सेतु ऐप आपके स्मार्टफोन के लोकेशन डाटा और ब्लूटूथ से पता लगाएगा कि आप किसी कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए हैं या नहीं। लोकेशन डाटा का उपयोग यह निर्धारित करने के लिए किया जाएगा कि व्यक्ति वास्तव में कहां है और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी आपको बताएगा कि क्या आप संक्रमित व्यक्ति से 6 फीट के भीतर हैं।
इसके अलावा, आरोग्य सेतु ऐप आपको कोरोनो वायरस से कैसे बचाएगा, इसकी टिप्स भी देता है। अगर आप COVID-19 से संक्रमित हैं या किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आते हैं तो ऐप आपके डाटा को सरकार के साथ साझा करता है।
हालांकि, ऐप की प्राइवेसी पॉलिसी में यह जोड़ा गया है कि यूजर्स का डाटा थर्ड-पार्टी से साझा नहीं किया गया है। ऐप में एक चैटबॉट शामिल है जो कोरोनो वायरस पर आपके मूल प्रश्नों का जवाब देता है और यह निर्धारित करता है कि आपमें लक्षण हैं या नहीं। यह भारत में प्रत्येक राज्य का हेल्पलाइन नंबर भी देता है। इसे आप ऐपल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। यह 11 भाषाओं को सपॉर्ट करता है।
