Oct 29 2026 / 1:47 AM

कोरोना से लड़ने के लिए दिल्ली सरकार ने बनाया 5 टी प्लान

नई दिल्ली। कोरोना से लड़ने के लिए दिल्ली सरकार ने 5 टी प्लान बनाया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि अगर दिल्ली में 30 हजार मरीज होते हैं तो किस तरह से दिल्ली सरकार काम करेगी। उन्होंने ये भी बताया कि 5 टी में पहला टी है टेस्टिंग, दूसरा है ट्रेसिंग, तीसरा है ट्रीटमेंट, चौथा है टीम वर्क और पांचवा है ट्रैकिंग और मॉनीटरिंग। उन्होंने कहा कि हमें कोरोना को हराने के लिए इस प्लान पर काम करना होगा।

1- टेस्टिंग

केजरीवाल ने कहा कि बिना टेस्टिंग कोरोना की रोकथाम संभव नहीं, जिस भी देश ने बड़े पैमाने पर टेस्टिंग की उसने इसे कंट्रोल किया। जैसे साउथ कोरिया ने किया वैसे हम करेंगे। टेस्टिंग किट की समस्या अब थोड़ी सुधरी है। एक लाख लोगों के रैपिड टेस्ट के लिए ऑर्डर दिया है। जल्द डिलीवरी चालू हो जाएगी। केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली में जो हॉटस्पॉट हैं जैसे- निजामुद्दीन मरकज और दिलशाद गार्डन वहां बड़े पैमाने पर टेस्टिंग कराएंगे।

2- ट्रेसिंग

जब हमने पता कर लिया कि कोई पॉजिटिव है तो उससे जुड़े सभी लोगों को ट्रेस कर क्वारंटीन किया जाएगा। यानी लोगों की पहचान करना बहुत जरूरी है कि कोरोना संक्रमित से कौन-कौन मिला उसे क्वारंटीन किया जाए। इसके लिए हमने पुलिस की मदद लेनी शुरू की है।

3- ट्रीटमेंट

जो बीमार हो जाए उसका इलाज कराना। हमने 3000 बेड की क्षमता पा ली है। हमने तीन अस्पतालों को कोरोना अस्पताल घोषित कर दिया है। केजरीवाल ने ये भी कहा कि दिल्ली सरकार ने तीस हजार मरीजों तक को भर्ती करने के लिए योजना तैयार कर ली है।

4- टीम वर्क

इस बीमारी से अकेले नहीं लड़ा जा सकता, टीम के तौर पर ही कोरोना को जड़ से खत्म किया जा सकता है। देश के सभी राज्य एक साथ काम कर रहे हैं।

5- ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग

केजरीवाल ने बताया कि बिना कोरोना की तैयारियों पर नजर रखे और बिना मॉनिटरिंग किए कोरोना से जंग नहीं जीती जा सकती। उन्होंने कहा कि मैं पूरी व्यवस्था पर खुद नजर रखे हुए हूं। हम इसे हरा कर रहेंगे।

Share With

मध्यप्रदेश