श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने जारी किया लोगो
अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए गठित श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपना लोगो जारी किया है। सूर्यवंशी रामलला के स्वरूप को दर्शाते हुए लाल और पीले रंग की लपटें यानी सूर्य को इंगित करती हैं। लोगो की ऊपरी परिधि पर श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र लिखा हुआ है, जो लोगो की पहचान को प्रदर्शित करता है। इसके दोनो ओर हनुमान वीरमुद्रा में विराजमान हैं जबकि आधार पट्टिका पर ‘रामो विग्रहवान धर्म:’ अंकित है।
राम मंदिर के ट्रस्ट के लोगो के केंद्र में भगवान राम का सौम्य छवि से युक्त चित्र श्रद्धालुओं को अभय प्रदान करने वाला है। वहीं, आधार पीठ के रूप में भगवान राम की महत्ता से संबंधित वाल्मीकि रामायण की यह प्रतिनिधि अर्धावली अंकित है। श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अब इसी लोगो का इस्तेमाल सभी पत्र और प्रपत्रों पर होगा। ट्रस्ट की पहचान के तौर पर लेटर हेड और अन्य जरूरी चीजों और कागजातों पर इसी लोगो का अंकन होगा।
