जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में पुलिस टीम पर आतंकी हमला, एक जवान शहीद
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सोमवार को पुलिस टीम पर आतंकी हमला हुआ। इस हमले में एक विशेष पुलिस अधिकारी शहीद हो गया और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना दूरस्थ तांडर गांव के डचन में आज दोपहर की है।
अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने ड्यूटी कर रहे दो एसपीओ पर गोलियां चला दी, जिसमें एक एसपीओ की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
उन्होंने बताया कि आतंकवादी जवानों की दो सर्विस राइफल लेकर मौके से फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया है। पुलिस व सेना की कई टीमें इलाके को घेर कर आतंकियों की तलाश कर रही हैं।
