इंदौर में तेज रफ्तार इनोवा ने 5 लोगों को रौंदा, आरोपी चालक गिरफ्तार
इंदौर। इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर रफ्तार का भयानक कहर देखने को मिला। श्रमिक कॉलोनी के पास दोपहर करीब 12 बजे एक बेकाबू इनोवा कार ने राह चलते लोगों को रौंद दिया। कार चालक करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहा था। इस भीषण हादसे में एक बुजुर्ग समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा दोपहर करीब 12 बजे श्रमिक कॉलोनी के पास हुआ। तेज रफ्तार इनोवा ने पहले एक एक्टिवा को टक्कर मारी। इसके बाद तीन बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। फिर ट्रैक्टर से भी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी निधि सक्सेना भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार किया गया। करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची। तब तक पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस वाहन से सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। एक बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं।
राऊ पुलिस ने हादसे में शामिल इनोवा को जब्त कर लिया है। ड्राइवर को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय इनोवा की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और ड्राइवर की भूमिका की जांच की जा रही है।
