अफरीदी के विवादित बयान पर हरभजन ने दिया मुंहतोड़ जवाब
नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने पाकिस्तान टीम के पूर्व आलराउंडर शाहिद अफरीदी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर मुंहतोड़ जवाब दिया है। आफरीदी शनिवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के दौरे पर गए थे और वहां उन्होंने भारत तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्द कहे थे जिसके बाद भारतीय क्रिकेटरों ने शाहिद अफरीदी को जमकर लताड़ लगाई है।
भज्जी ने अफरीदी से दोस्ती तोड़ने की बात कहकर उन्हें अपनी हद में रहने की सलाह दी है। अफरीदी पीओके में कोरोना वायरस के चलते लोगों की मदद करने पहुंचे थे। लेकिन यहां पहुंचकर उन्होंने मदद की आड़ में दूसरा ही राग अलाप दिया। हरभजन सिंह ने कहा, आज या कल, अगर मेरे देश को कहीं भी मेरी जरूरत है, भले ही सीमा पर, मैं अपने देश की खातिर बंदूक उठाने वाला पहला व्यक्ति बनूंगा.
भज्जी ने कहा, आफरीदी ने हमारे देश और प्रधानमंत्री के लिए जो कहा वो किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। ईमानदारी से कहूं तो आफरीदी ने हमसे उनकी चैरिटी की मदद करने की अपील की थी और अच्छे भाव से इंसानियत के नाते हमने उनकी मदद की लेकिन अब ऐसा कतई नहीं होगा।
पूर्व आलराउंडर युवराज ने कहा है कि उन्होंने इंसानियत के तौर पर मदद की अपील की थी लेकिन अब वह ऐसा कभी नहीं करेंगे। युवराज ने ट्वीट कर कड़े शब्दों में कहा, आफरीदी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान से मैं आहत हूं। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते मैं ऐसे शब्द स्वीकार नहीं कर सकता। मैंने इंसानियत के तौर पर मदद की अपील की थी लेकिन अब कभी ऐसा नहीं करुंगा।
पूर्व सलामी बल्लेबाज और अब लोकसभा सांसद गंभीर ने आफरीदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान कभी भी भारत से कश्मीर नहीं ले सकता। गंभीर ने अपने ट्वीट में आफरीदी पर तंज कसते हुए कहा, 16 वर्ष के आफरीदी का कहना है कि पाकिस्तान के पास सात लाख लोगों की सेना है जिसे 20 करोड़ लोगों का समर्थन हासिल है। इसके बावजूद वे 70 वर्षों से कश्मीर के लिए भीख मांग रहे हैं।
क्रिकेट के मैदान पर कई बार आफरीदी को मात दे चुके गंभीर ने कहा, आफरीदी, इमरान खान और बाजवा जैसे जोकरों तुम पाकिस्तान की जनता को बेवकूफ बनाने के लिए भारत और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जहर उगलते हो लेकिन याद रखो तुम्हें कयामत के दिन तक कश्मीर नहीं मिलेगा।
