आज दिल्ली में रहेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति, सरकारी स्कूल में जाएंगी मेलानिया ट्रंप
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार के गुजरात के अहमदाबाद में धमाकेदार स्वागत के बाद अब कूटनीति की बारी है। अपने दौरे के दूसरे और आखिरी दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दिल्ली में रहेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। सोमवार को मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने डिफेंस डील का ऐलान किया, जिसने दोनों देशों में बड़े समझौते की उम्मीद जगा दी है।
इसके अलावा भी दोनों देश आज कई मसलों पर चर्चा करेंगे। वहीं, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप दिल्ली में सरकारी स्कूल में बच्चों से मुलाकात करेंगी। वह सरकारी स्कूल में हैप्पीनेस क्लास देखेंगी। अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप करीब 1 घंटे का समय सरकारी स्कूल में बिताएंगी।
खास बात है कि जब डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुलाकात चल रही होगी, उस समय मेलानिया ट्रंप केजरीवाल सरकार के स्कूल के दौरे पर होंगी। वह दोपहर 12 बजे स्कूल का दौरा करेंगी। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने 2018 में हैप्पीनेस क्लास की शुरुआत की थी। यह क्लास नर्सरी से 8वीं तक के स्टूडेंट्स के लिए होती है। इसका मकसद बच्चों को मानसिक तनाव और अवसाद को दूर करना था। इस क्लास में कोई लिखित परीक्षा नहीं होती है, सिर्फ बच्चे के हैपीनेस इंडेक्स का मूल्यांकन किया जाता है।
