Sep 25 2026 / 10:41 AM

ममता बनर्जी को अमित शाह ने लिखा पत्र- श्रमिक ट्रेनों को मंजूरी नहीं देने का लगाया आरोप

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में दूसरे राज्यों से मजदूरों को वापस लाने और राज्य से बाहर ले जाने के मामले में ममता सरकार की ढुलमुल नीतियों के खिलाफ अब केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह सख्त हो गए हैं। इसी सिलसिले में गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक पत्र लिखा है।

इस पत्र में अमित शाह ने प्रवासी मजदूरों के लिए चलाई जाने वाली श्रमिक ट्रेनों को मंजूरी नहीं देने का बड़ा आरोप लगाया है। अमित शाह ने पत्र में ये भी कहा है कि केंद्र सरकार प्रवासी मजदूरों को भेजने की व्यवस्था कर रही है लेकिन बंगाल सरकार केंद्र सरकार का सहयोग नहीं कर रही है।

अमित शाह ने ममता बनर्जी को भेजे पत्र में लिखा है कि केंद्र सरकार प्रवासी मजदूरों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचा रही है। रेलगाड़ियों के माध्यम से अब तक लगभग दो लाख से ज्यादा मजदूरों को उनके गृह राज्य तक पहुंचाया जा चुका है। लेकिन बंगाल सरकार इस मामले में केंद्र को बिल्कुल सहयोग नहीं कर रही है।

जबकि पश्चिम बंगाल में जो प्रवासी मजदूर मौजूद हैं वह अपने गृह जनपदों में जाने के लिए बेहद व्याकुल हैं। मजदूरों के पश्चिम बंगाल से उनके गृह जनपद और राज्यों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी केंद्र सरकार द्वारा की गई है लेकिन ममता सरकार इस मामले में केंद्र को कोई सहयोग नहीं दे रही है जिसका बेहद दुख है।

पत्र में आगे लिखा गया है कि पश्चिम बंगाल के प्रवासी श्रमिकों को दूसरे राज्‍यों से लेकर बंगाल पहुंचाने वाली श्रमिक रेलगाडि़यों को राज्‍य सरकार द्वारा अनुमति नहीं प्रदान की जा रही है। ऐसा करना पश्चिम बंगाल के श्रमिकों के साथ अन्‍यायपूर्ण होगा। यह पश्चिम बंगाल के प्रवासी श्रमिकों को कठिन परिस्थिति में धकेल सकता है।

गौरतलब हैं कि केंद्र सरकार और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच कई मुद्दों पर तनातनी देखने को मिलती रहती है। अब प्रवासी मजदूरों को लेकर दोनों आमने-सामने आ गए हैं।

Share With

मध्यप्रदेश