Sep 23 2026 / 10:21 PM

भारत आने से पहले ट्रंप का हिंदी में ट्वीट, लिखा- हम रास्ते में हैं, कुछ ही घंटों में सबसे मिलेंगे

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंच रहे हैं। सुबह 11.40 बजे अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ गुजरात के अहमदाबाद पहुंचेंगे, जहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका एयरपोर्ट पर स्वागत करेंगे। दोनों नेता आज अहमदाबाद में नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुजरात के अहमदाबाद पहुंचने से कुछ देर पहले हिंदी में ट्वीट कर कहा कि वे भारत आने के लिए उत्सुक हैं। ट्रंप ने ट्वीट किया, “हम भारत आने के लिए तत्पर हैं । हम रास्ते में हैं, कुछ ही घंटों में हम सबसे मिलेंगे।”

ट्रम्प परिवार 5 टियर सुरक्षा घेरे में रहेंगे। अमेरिका के प्रथम परिवार की अंदरूनी सुरक्षा का पूरा जिम्मा अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के हवाले रहेगा और इन तक पहुंच केवल भारतीय लायजनिंग अधिकारियों की ही होगी। दूसरे चक्र में एनएसजी, चेतक कमांडो, अर्ध सैनिक बल और अंत में बाहरी सुरक्षा व देखरेख की जिम्मेदारी गुजरात, उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस के 25 हजार जवानों की रहेगी। ट्रम्प की हर घंटे की सुरक्षा पर करीब डेढ़ करोड़ और 36 घंटे की यात्रा में सुरक्षा पर 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

अमेरिकी खुफिया एजेंट कड़े प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राष्ट्रपति के सांकेतिक कॉल साइन तक को साझा नहीं करते। अफसर समानांतर और सुरक्षित वायरलेस प्रणाली के जरिए आवागमन की बारीकियों का संचालन करेंगे। ये कॉल साइन सुरक्षा में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से अंतिम समय में शेयर किए जाएंगे। काफिला जहां से भी काफिला गुजरेगा, उसके ताकतवर जैमर्स आसपास के सभी तरह के मोबाइल और वायरलेस सिग्नल कुछ समय के लिए बंद कर देंगे।

Share With

मध्यप्रदेश