Sep 23 2026 / 10:23 PM

100 दिनों से चल रहे शाहीन बाग प्रदर्शन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हटाए तंबू

नई दिल्ली। कोरोनावायरस देश के 23 राज्यों में फैल चुका है। कोरोनावायरस से निपटने के लिए दिल्ली में लॉकडाउन लगा दिया गया है। दिल्ली सरकार ने राज्य में पांच से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा न करने की अपील की है। इस बीच नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ शाहीन बाग में 100 दिनों से चल रहे प्रदर्शन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस ने मंगलवार सुबह प्रदर्शन स्थल को पूरी तरह से खाली करवा लिया है। इसके अलावा वहां प्रदर्शन के दौरान लगाए गए टेंट को भी हटा दिया गया है। साथ ही नोएडा-कालिंदी कुंज सड़क को भी खाली करा लिया गया है। हालांकि कुछ लोगो ने पुलिस की इस करवाई का विरोध किया, जिसकी वजह से दिल्ली पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

इससे पहले सोमवार को दिल्ली के शाहीन बाग में पंडाल खाली मिले और यहां इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए थे। दिल्ली दक्षिण पूर्व के डीसीपी आरपी मीणा ने मंगलवार को कहा कि यहां लॉकडाउन के बावजूद लोग सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों से हटने के लिए कहा। इसके बाद भी जब वे नहीं माने तो पुलिस ने कार्रवाई की। कुछ लोगों को गैर कानूनी ढंग से जुटने के लिए हिरासत में ले लिया गया।

जानकारी के मुताबिक शुरूआती तौर पर 10 से 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिन पर कानूनी कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि कोरोनावायरस को रोकने के लिए दिल्ली और केंद्र सरकार ऐहतियातन हर कदम उठा रही है। दिल्ली में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। ऐसे में जो लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई के मूड में हैं।

Share With

मध्यप्रदेश