Sep 28 2026 / 5:25 AM

दिल्ली में AAP को बड़ा झटका, विधायक, पार्षद और पूर्व मंत्री ने थामा भाजपा का दामन

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके और आम आदमी पार्टी को अलविदा कह चुके राजकुमार आनंद ने आज बसपा का साथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। लोकसभा चुनाव से पहले मंत्री पद से इस्तीफा देकर वे बसपा में शामिल हुए थे। इनके अलावा आप के छतरपुर से विधायक करतार सिंह तंवर और आप पार्षद उमेद सिंह फोगाट भी भाजपा में शामिल हुए हैं।

वहीं, पूर्व विधायक वीणा आनंद, आप नेता रत्नेश गुप्ता और सचिन राय भी भाजपा में शामिल हुए। भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद सचदेवा ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कराई।

राजकुमार आनंद ने हाल में हुए लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस सीट से भाजपा की बांसुरी स्वराज ने जीत दर्ज की थी। राजकुमार आनंद दिल्ली सरकार में सामाजिक कल्याण मंत्री थे। उन्होंने दिल्ली सरकार पर अनुसूचित जाति विरोधी बताते हुए मंत्री पद के साथ ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद उन्होंने बसपा का दामन थाम लिया है।

Share With

मध्यप्रदेश