पीएम मोदी से मिले सीएम केजरीवाल, कहा- जो दिल्ली हिंसा का दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो
नई दिल्ली। दिल्ली की सत्ता पर तीसरी बार काबिज होने वाले राष्ट्रीय राजधानी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच दिल्ली हिंसा और दिल्ली में कोरोना वायरस की दस्तक के मुद्दे पर बातचीत हुई।
दोनों के बीच संसद भवन परिसर में हुई इस मुलाकात में कोरोना वायरस से निपटने की तैयारी और दिल्ली हिंसा पर बात हुई, जिसमें केजरीवाल ने हिंसाग्रस्त इलाकों में चलाए जा रहे पुनर्वास अभियान के बारे में पीएम मोदी को बताया।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद केजरीवाल ने कहा, हम दोनों के बीच दिल्ली में शांति बनाए जाने के मुद्दे पर चर्चा हुई। खुद पीएम मोदी ने भी इस बात का आश्वासन दिया है कि वह हर तरह के सहयोग को तैयार हैं। केजरीवाल ने कहा, एक ही जिले में हुए दंगे को शुरुआत में तो पुलिस ने रोका लेकिन अगर ऐसा ही काम वह अगले दो दिन भी जारी रखती तो शायद इतने लोगों की जान न जाती।
उन्होंने कहा, मेरी पीएम मोदी से बात हुई कि अब हमें यह कोशिश करनी है कि भविष्य में ऐसी वारदातें फिर से न हों, दिल्ली देश की राजधानी है। मैंने पीएम मोदी जी से कहा है कि इन दंगों को करवाने के लिए जो भी नेता, चाहे वह किसी भी धर्म-पार्टी या ररूख वाला क्यों न हो, उसे बख्शा न जाए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे समाज में एक संदेश जाएगा।
केजरीवाल ने कहा, इसके साथ ही कोरोना वायरस को लेकर भी पीएम मोदी से बात हुई है। कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। दिल्ली में पहला मामला सामने आ चुका है। यह जिस भी देश में गया वहां बहुत तेजी से फैला। इस पर केंद्र और दिल्ली सरकार साथ मिलकर काम करेगी, ताकि इस वायरस को रोका जाए।
