Sep 25 2026 / 5:13 AM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 9,987 नए केस, 266 लोगों की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 9,987 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 266 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो चुकी है। वहीं इस महामारी के चलते पूरे देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 2 लाख 66 हजार 598 हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 9,987 नए मामले सामने आए हैं और 266 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2,66,598 हो गई है, जिनमें से 1,29,917 सक्रिय मामले हैं, 1,29,215 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 7,466 लोगों की मौत हो चुकी है।

सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित में कुल मरीजों का आंकड़ा 88 हजार को पार कर गया है और 3169 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे के अंदर 2553 नए मामले सामने आए और 109 लोगों की मौत हो गई। यहां 40 हजार 975 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में अब 44 हजार 374 एक्टिव केस है।

दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में सोमवार को एक हजार से अधिक नए मामले सामने आए और 17 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली सरकार द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन में डेथ ऑडिट कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर 30 मई से लेकर 6 जून तक 62 कोरोना मरीजों की मौत की लेट रिपोर्टिंग भी हुई है। कुल मरीजों का आंकड़ा 30 हजार के करीब है, जिसमें 874 लोग जान गंवा चुके हैं।

Share With

मध्यप्रदेश