Sep 25 2026 / 7:02 AM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 9,851 नए केस, 273 लोगों की मौत

नई दिल्ली। लॉकडाउन के चार चरणों के बाद देश को एक बार फिर से पटरी पर लाने के लिए अनलॉक 1.0 की शुरुआत हो गई है। लेकिन संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार की सुबह स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि, भारत में पिछले 24 घंटों में COVID19 के 9,851 मामले सामने आए हैं और 273 मौतें हुई हैं।

नए मामले जिस तरह से तेजी के साथ बढ़ रहे हैं वो काफी चिंताजनक है। बता दें कि शुक्रवार सुबह तक देश में कोरोना के कुल मामले 2,26,770 हो गए हैं, वहीं इससे मरने वालों की संख्या 6,348 हो गई है। हालांकि इन सबके बीच अच्छी बात ये है कि 1,09,462 लोग इस महामारी से ठीक हो चुके हैं।

कोरोना की जांच को लेकर बात करें तो आईसीएमआर की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1 लाख 43 हजार 661 लोगों का टेस्ट किया गया। एक दिन में टेस्ट का यह सबसे अधिक आंकड़ा है। अब तक 43 लाख 86 हजार 376 सैंपल का टेस्ट किया जा चुका है।

वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के अंदर 123 लोगों की मौत हुई है, जो अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। वहीं एक दिन पहले 122 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गंवाई थी। राज्य में अबतक 2710 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हो चुकी हैं। वहीं 24 घंटे के अंदर करीब 3 हजार नए केस सामने आए हैं और मरीजों का आंकड़ा 77793 तक पहुंच गया है।

इसके अलावा राजधानी में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। दिल्ली में 24 घंटे के अंदर 1359 नए केस सामने आए हैं। वहीं संक्रमितों की संख्या 25 हजार पार कर चुकी है। मौत का आंकड़ा 650 तक पहुंच गया है। वहीं, 24 घंटे में कोरोना ने 22 लोगों की जान ली है।

Share With

मध्यप्रदेश