Sep 23 2026 / 10:24 PM

पीएम मोदी की अपील पर देशवासियों ने लाइटें बंद कर जलाए दीये

नई दिल्ली। कोरोनावायरस के अंधकार के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देशवासियों ने रविवार रात 9 बजे 9 मिनट तक लाइटें बंद कर दीया, मोमबत्ती, टॉर्च और फोन की फ्लैश लाइट जलाई। देशवासियों से ऐसी अपील करने वाले खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने आवास में लाइटें जलाकर दीप प्रज्ज्वलित किया और अपनी तस्वीरें ट्वीट की। गुजरात में उनकी मां हीराबेन ने भी मिट्टी का दीया जलाया।

पीएम मोदी ने दीप जलाते अपनी तस्वीरों के साथ संस्कृत का एक श्लोक ट्वीट किया-
‘शुभं करोति कल्याणमारोग्यं धनसंपदा ।
शत्रुबुद्धिविनाशाय दीपज्योतिर्नमोऽस्तुते ॥’

इससे पहले मोदी ने कोरोना संकट पर अपने तीसरे संबोधन में कहा था कि हमें 5 अप्रैल को अपनी महाशक्ति का जागरण करना है, ताकि लॉकडाउन के दौरान घरों में मौजूद लोग खुद को अकेला महसूस न करें। कोरोना संकट पर मोदी ने शुक्रवार को तीसरी बार देशवासियों को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने 5 अप्रैल को कोरोना संकट के अंधकार को चुनौती देने लिए लाइट बंद करके दिया जलाने की अपील की थी।

उन्होंने कहा था, हमें प्रकाश की ताकत का परिचय कराना है। रविवार को 130 करोड़ देशवासियों की महाशक्ति का जागरण करना है। घर की सभी लाइटें बंद कर, दरवाजे पर या बालकनी में, खड़े रहकर, 9 मिनट के लिए मोमबत्ती, दीया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाएं। ताकि अपने घरों में मौजूद कोई भी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में खुद को अकेला महसूस न करे।

प्रकाश के इस आयोजन के दौरान सोशल डेस्टेंसिंग की लक्ष्मण रेखा का भी ध्यान रखें। कोरोना संकट को हराने के लिए प्रकाश के तेज को चारों ओर फैलाना है। दुनिया में ऐसा कुछ नहीं है, जो हम ताकत से हासिल न कर पाएं।

Share With

मध्यप्रदेश