Jun 05 2026 / 2:32 AM

कोरोना वायरस: सितंबर तक के लिए स्थगित हुई इंग्लैंड-आस्ट्रेलिया वनडे सीरीज

लंदन। कोरोना वायरस की वजह से एक और क्रिकेट सीरीज के टलने की बात सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच जुलाई में होने वाले वनडे सीरीज को सितंबर तक टाल दिया गया है। डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने पाया है कि ऐसी परिस्थितियों में जुलाई में होने वाली सीरीज संभव नहीं है।

ईसीबी ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया से कहा है कि वह इस सीरीज को दो महीने आगे तक के लिए टाल दें। इंग्लैंड को तीन से 16 जुलाई तक आस्ट्रेलिया के साथ तीन टी-20 और इतने ही मैचों की सीरीज खेलनी थी। अगर इस सीरीज की तारीखों में बदलाव होता है तो इंग्लैंड को पाकिस्तान के साथ सीरीज समाप्त करके सीधे आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान में उतरना पड़ सकता है। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच की सीरीज दो सितंबर को खत्म होनी है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ईसीबी ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया के सामने नई तारीखें पेश की है ताकि वह दर्शकों की मौजूदगी में सीरीज का आयोजन कर सके। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी नई तारीखों पर कथित तौर पर काम करना शुरू कर दिया, क्योंकि दोनों बोर्ड खाली स्टेडियमों के बजाय दर्शकों की मौजूदगी में इस सीरीज का आयोजन करवाना चाहती है।

श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका दौरा भी स्थगित

इससे पहले श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच जुलाई में होने वाले सीरीज को सोमवार को टालने का फैसला किया गया। कोरोना वायरस की वजह से क्रिकेट टूर्नामेंट्स के रद्द होने की शुरुआत मार्च के दूसरे हफ्ते से हुई थी। उसके बाद एक के बाद एक बड़े टूर्नामेंट रद्द हो चुके हैं। हालांकि अभी तक कोरोना वायरस की वजह से इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले ट्वेंटी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप को रद्द नहीं किया गया है।

Share With

मध्यप्रदेश