Jun 04 2026 / 11:39 PM

गुजरात टाइटंस ने किया नए कप्तान का ऐलान, शुभमन गिल को दी बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली। आईपीएल 2024 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आईपीएल के लिए सभी 10 फ्रेंचाइजियों की रिटेंशन और रिलीज लिस्ट सामने आ चुकी है। वहीं हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस का साथ छोड़ दिया है। उन्हें मुंबई इंडियंस ने ट्रेड किया है। पांड्या के जाते ही गुजरात ने अपने नए कप्तान का ऐलान करने में देरी नहीं की। शुभमन गिल गुजरात टाइटंस के नए कप्तान चुने गए हैं।

गुजरात टाइटंस के एक बयान में कहा गया गिल एक ऐसी टीम का नेतृत्व करेंगे जिसमें अनुभव और युवा उत्साह का एक अद्वितीय संयोजन है, जो गुजरात टाइटन्स की पहचान रही है।

गिल ने गुजरात के लिए 33 पारियों में 47.34 की औसत से तीन शतक और आठ अर्द्धशतक की मदद से 1373 रन बनाए हैं। पिछला सीजन इस सलामी बल्लेबाज के लिए यादगार था, क्योंकि उन्होंने 17 मैचों में 59.33 की औसत से तीन शतक और चार अर्द्धशतक के साथ 890 रन बनाए और ऑरेंज कैप भी अपने नाम की थी।

कप्तान की जिम्मेदारी मिलने पर गिल ने कहा मुझे गुजरात टाइटंस की कप्तानी संभालने पर खुशी और गर्व है और इतनी अच्छी टीम का नेतृत्व करने के लिए मुझ पर भरोसा करने के लिए फ्रेंचाइजी को धन्यवाद देता हूं। हमारे पास दो सीजन बहुत शानदार रहे हैं और मैं क्रिकेट के हमारे रोमांचक ब्रांड के साथ टीम का नेतृत्व करने के लिए उत्सुक हूं।

Share With

मध्यप्रदेश