कोरोना वायरस: अपनी एक महीने की सैलरी दान देगी हिमा दास
नई दिल्ली। भारतीय युवा स्प्रिंटर हिमा दास ने कोरोनावायरस महामारी से लड़ने के लिए अपनी एक महीने की सैलरी दान दी है। हिमा अपनी यह सैलरी असम सरकार की कोरोना वायरस राहत कोष में देगी। हिमा ने टिवटर पर इसकी जानकारी दी। हिमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, असम के मुख्यमंत्री सबार्नंद सोनोवाल, केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू और असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमांता बिस्वा सरमा को टैग करते हुए लिखा, दोस्तों यह समय एक साथ खड़े होने उन लोगों की मदद करने का समय है, जिन्हें हमारी जरूरत है।
उन्होंने कहा, मैं अपनी एक महीने की सैलरी असम आरोग्य निधि एकाउंट में दे रही हूं ताकि कोविड-19 से लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके। रिजिजू ने हिमा दास की इस कदम के लिए उनकी तारीफ की है। रिजिजू ने लिखा, शानदार प्रयास हिमा दास। आपने एक महीने की सैलरी देने का जो फैसला किया है, उसके काफी मायने है और यह बहुत उपयोगी होगा। भारत कोरोना से लड़ेगा।
बता दें कि इससे पहले बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु ने कोरोनावायरस के प्रसार का मुकाबला करने के लिए 10 लाख रुपये की राशि दान की है। सिंधु ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री राहत कोष में से प्रत्येक को 5 लाख रुपये का दान दिया है। वहीं, पहलवान बजरंग पुनिया, जो रेलवे में ओएसडी के रूप में काम करते हैं, ने पहले ही अपना छह महीने का वेतन हरियाणा कोरोनावायरस राहत कोष में दान कर दिया है।
