Sep 24 2026 / 9:32 AM

चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ को लेकर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठ रहा चक्रवाती तूफान अम्फान पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में ये खतरनाक रूप ले सकता है। भारत के मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अम्फान सुपर साइक्लोन में तबदील हो सकता है। 185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ ये तूफान अगले 48 घंटे में यानी 20 मई को शाम तक पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तट से टकरा सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘चक्रवात अम्फान’ की स्थिति की समीक्षा के मद्देनजर गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। गृह मंत्रालय ने पहले बताया था कि चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ सोमवार शाम तक विकारल रूप धर सकता है और बुधवार को 185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ यह पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तट से टकरा सकता है।

मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा सरकारों को जारी परामर्श में कहा कि ‘अम्फान’ अब दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों और पास की मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद है। इसने कहा कि यह पिछले छह घंटों से 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। अधिकारी ने कहा कि यह तूफान सोमवार शाम तक प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

अधिकारी ने कहा कि संभवत: यह उत्तरपश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास उत्तर-उत्तरपूर्वी दिशा की तरफ बढ़ेगा और 20 मई को दोपहर या शाम के दौरान अत्यंत प्रचंड तूफान के रूप में इसके बांग्लादेश में हटिया द्वीप और पश्चिम बंगाल के दीघा के बीच पश्चिम बंगाल एवं बांग्लादेश तट के बीच से गुजरने की संभावना है। इस दौरान 155-165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी जो कभी भी 185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती हैं।

Share With

मध्यप्रदेश