Jun 04 2026 / 9:26 PM

ICC ने 10 जून तक टाला T20 वर्ल्ड कप पर फैसला

नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के चलते खेल जगत पूरी तरह से ठप्प पड़ा हुआ है। इस बीच कई बड़े खेल टूर्नामेंट को टाला जा चुका है। क्रिकेट को दोबारा शुरु करने और भविष्य में होने वाले टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए अंतर्राष्ट्रय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने गुरुवार (28 मई) को आईसीसी सदस्यों के साथ मीटिंग की जिसमें इस साल ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में होने वाले T20 वर्ल्ड कप के आयोजन को लेकर फैसला होना था।

हालांकि आईसीसी ने फिलहाल T20 वर्ल्ड कप समेत इस मीटिंग में लिये जाने वाले सभी फैसलों को 10 जून तक के लिये टाल दिया है। गुरुवार को आईसीसी बोर्ड की टेलिकॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहम बैठक हुई, जिसमें इन सभी मुद्दों पर 10 जून को फैसला करने की बात कही गई।

आईसीसी ने बोर्ड की टेलिकॉन्फ्रेंस के बाद कहा, बोर्ड आईसीसी प्रबंधन से आग्रह करता है कि वे कोविड-19 महामारी के कारण लगातार बदल रही जन स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए विभिन्न आपात विकल्पों को लेकर संबंधित हितधारकों के साथ चर्चा जारी रखे।

गौरतलब है कि जहां पर अन्य क्रिकेट बोर्ड ने T20 वर्ल्ड कप को स्थगित करने पर आपना समर्थन दिया है वहीं पर पकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने साफ किया है कि वह इसे टालने के पक्ष में नहीं है, साथ ही वह आईपीएल जैसे किसी भी घरेलू टूर्नामेंट के लिये अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट को टालने के पक्ष में नहीं है।

उल्लेखनीय है कि विश्व कप का आयोजन 18 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच ऑस्ट्रेलिया में प्रस्तावित है, हालांकि कोरोना वायरस के चलते क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 16 टीमों की मेजबानी और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है, जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि T20 वर्ल्ड कप को अगले साल तक के लिये स्थगित कर दिया जायेगा और इस विंडो का इस्तेमाल फिलहाल अनिश्चितकालीन समय के लिये स्थगित आईपीएल के आयोजन के लिए किए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

Share With

मध्यप्रदेश