Sep 25 2026 / 4:53 AM

भारत-चीन हिंसक झड़प: केंद्र सरकार ने सेना को दी खुली छूट

नई दिल्ली। चीन और भारत के सैनिकों के लद्दाख की गलवान वैली में बीच हुई हिंसक झड़प में भारत के 20 सैनिक शहीद हुए हैं। वहीं सूत्रों की माने तो इस मुद्दे पर भारत ने सख्त रुख अपना लिया है। इस बीच भारत ने सेना को फैसला लेने की पूरी छूट दे दी है। बता दें कि चीनी सेना के साथ संघर्ष में भारत के 20 जवान शहीद हुए हैं। चीन के धोखे के बाद देश में काफी गुस्सा है।

सूत्रों के अनुसार, इस मामले में देर रात हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्यूरिटी (CCS) की बैठक में सेना को साफ तौर पर कहा गया है कि वह ग्राउंड पर हालात को देखते हुए फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है। भारत अपने स्टैंड पर कायम है कि अपनी सीमा में कोई दखलअंदाजी भारत सहन नहीं करेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद चीन की सीमा से सटे राज्यों में आईटीबीपी के जवानों को अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में चौकसी बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि भारत और चीन के बीच लाइन ऑफ एक्‍चुअल कंट्रोल (LAC) पर सोमवार रात हुई हिंसक झड़प में कम से कम 20 भारतीय जवान शहीद हुए हैं। सूत्रों के अनुसार यह भी खबर आ रही है कि चीन की सेना के घायल और मारे गए सैनिकों की संख्‍या भी 43 से अधिक है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे मामले में नजर बनाए हुए हैं। इस मामले में लगातार बैठकों का दौर जारी है। इस मामले में पल पल की जानकारी ली जा रही है। विदेश मंत्रालय भी चीन के साथ संपर्क में है। दरअसल यह घटना तब हुई जब सोमवार रात को गलवान घाटी के पास दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद सबकुछ सामान्य होने की स्थिति आगे बढ़ रह थी।

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने इस मामले में बयान जारी कर कहा था कि भारत ने हमेशा LAC का सम्मान किया और चीन को भी ऐसा करना चाहिए। मंत्रालय ने कहा कि LAC पर कल जो हुआ, उससे बचा जा सकता था।

Share With

मध्यप्रदेश