भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया, जेपी नड्डा की मौजदूगी में ली सदस्यता
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। सिंधिया ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में कमल का दामन थामा।
इस दौरान पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा ने कहा कि राजमाता सिंधिया जी ने भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी की स्थापना और विस्तार करने में बड़ी भूमिका निभाई थी।आज उनके पौत्र हमारी पार्टी में आए हैं। नड्डा ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया परिवार के सदस्य हैं, ऐसे में हम उनका स्वागत करते हैं।
सिंधिया ने मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। अब सिंधिया को राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी है। इसकी घोषणा भी बुधवार को दिल्ली में होगी। सत्र के बाद सिंधिया को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जाएगा।
कमलनाथ सरकार के 6 मंत्रियों समेत 22 विधायकों ने सिंधिया के इस्तीफे की खबर लगते ही कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। सूत्र बता रहे हैं कि इस्तीफा देने वाले सिंधिया समर्थक विधायकों में से 5 से 7 को मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मंत्री पद दिया जा सकता है।
