केएल राहुल ने बताया कौन तोड़ सकता है युवराज के 6 छक्कों का रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारतीय टीम के भविष्य के खिलाड़ी के रूप में उभर कर सामने आए केएल राहुल कोरोना काल में अपने घर पर ही रहते हुए खुद को फिट रखने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने टाइम पास करने के लिए ट्विटर के माध्यम से फैन्स के सवालों के जवाब देने का निर्णय लिया। राहुल ने बेबाकी के साथ फैन्स के सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
इसी बीच पवन कुमार नामक एक शख्स ने केएल राहुल से पूछा कि वो कौन सा ऐसा खिलाड़ी है जो बाएं हाथ के पूर्व विस्फोटक विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह के 12 गेंदों पर अर्धशतक के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है। राहुल ने इसपर कहा कि मैं युवराज सिंह के इस रिकॉर्ड को तोड़ने की क्षमता रखता हूं।
युवराज ने 2007 के टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ महज 12 गेंद पर अर्धशतक बनाया था। तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर की छह गेंद पर युवी ने लगातार छह छक्के लगाए थे। युवराज द्वारा बनाए गए छह छक्के का यह रिकॉर्ड आज भी कायम है।
साल 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से खेलते हुए केएल राहुल ने महज 14 गेंद पर अर्धशतक बनाया था। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए राहुल ने 4 छक्के और 6 चौके की मदद से यह अर्धशतक बनाया था। यह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक है।
