Sep 25 2026 / 10:41 AM

शराब की दुकानों के खुलते ही लगी शराब प्रेमियों की भीड़, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

नई दिल्ली। देश में आज से लॉकडाउन का तीसरा चरण यानी लॉकडाउन-3 शुरू हो रहा है। 40 दिनों के दो लॉकडाउन के बाद केन्द्र सरकार ने तीसरे लॉकडाउन में कुछ छूट दी हैं। इस छूट में सरकार ने ग्रीन और ऑरेंन्ज के अलावा रेड जोन में भी शराब की दुकानें खोलने को मंजूरी दी है।

इसी के चलते राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सुबह से हलचल दिख रही है। इस बार शराब की दुकानें भी खुल गई हैं, ऐसे में सोमवार को दिल्ली की शराब की दुकानों के बाहर भारी भीड़ दिखाई दी। भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि कई इलाकों में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

गौरतलब है कि शराब की दुकानें खुलने के आदेश के बाद आज सुबह से ही शराब प्रेमियों की भीड़ बीयर और वाइन शॉप के बाहर देखने को मिल रही है। शराब के बाहर लोगों की लंबी कतारें बता रही हैं कि लोग शराब पीने को लेकर किस कदर बेचैन थे। लॉकडाउन शुरू होने के बाद से ही शराब की दुकानें बंद थी। जनता और राज्य सरकारों की तरफ से लगातार मांग उठाई जा रही थी कि शराब की दुकानों को खोली जाए।

देश के अलग-अलग राज्यों से शराब की दुकानों के बाहर खड़े लोगों की तस्वीरें और वीडियो सामने आ रही है। सरकार के आदेश के मुताबिक सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक शराब की दुकानों को खोलने का आदेश है लेकिन जनता सुबह सात बजे से शराब की दुकानों के बाहर लाइन लगाकर खड़ी है।

राजधानी दिल्ली में भी सोमवार से शराब की दुकानों को खोलने की अनुमति दे दी गई है। गृह मंत्रालय दिशानिर्देशों के अनुसार दुकान के भीतर एक समय में अधिकतम पांच व्यक्ति के साथ न्यूनतम छह फीट की सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के बाद शराब, पान और तंबाकू की बिक्री की अनुमति दी गई है बशर्ते ये दुकानों मॉल और शॉपिंग कॉम्पलेक्स में ना हो।

इस बीच कई राज्यों से खबर आ रही है कि शराब खरीदने के दौरान लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। लोग एक दुसरे से सटकर खड़े हैं साथ दी दुकाने खुलने के बाद दुकान के भीतर घुसने के लिए धक्का मुक्की भी होती दिखाई जा रही है।

Share With

मध्यप्रदेश