मध्यप्रदेश पुलिस की अवैध हथियारों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
विगत एक सप्ताह में कुल 41 अवैध हथियार, मैगजीन, जिंदा कारतूस एवं वाहन जब्त
भोपाल। पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशन में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अवैध हथियारों के नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत एक सप्ताह में विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों द्वारा अवैध हथियार निर्माण, तस्करी, विक्रय एवं उपयोग में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए 41 अवैध हथियार, कारतूस एवं वाहन जब्त किए गए हैं।
बुरहानपुर
थाना खकनार पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय अवैध हथियार तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अलग-अलग प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक कार्यवाही में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 03 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल बरामद की।
वही दूसरी कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 07 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल एवं 03 खाली मैगजीन जब्त की गईं।
इसके अतिरिक्त एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 07 हस्तनिर्मित पिस्टल एवं 02 खाली मैगजीन जब्त की। इस प्रकार पुलिस ने तीनों कार्यवाही के दौरान 17 हस्तनिर्मित अवैध देशी पिस्टल एवं 05 खाली मैगजीन जब्त की।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से युवाओं को लालच देकर अवैध हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क से जोड़ा जा रहा था।
दतिया
पुलिस द्वारा जिले में अवैध हथियारों के विरुद्ध अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर 315 बोर के 09 कट्टे एवं 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
वहीं एक अन्य कार्यवाही में थाना सेवढ़ा पुलिस ने 03 आरोपियों एवं एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से 03 अवैध हथियार, 04 जिंदा राउंड, 07 पेटी अवैध शराब एवं एक वाहन जब्त किया।
रीवा
थाना समान पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 नग 12 बोर देशी कट्टा एवं 02 नग देशी पिस्टल बरामद किए।
मुरैना
जिले के थाना बामोर पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 01 आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 01 देशी रिवॉल्वर, 32 बोर की 02 देशी पिस्टल, 01 जिंदा राउंड, 02 खाली मैगजीन तथा हथियार तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त थाना पोरसा एवं थाना माताबसैया में पुलिस ने 1-1 अवैध हथियार जब्त किए है। इसी प्रकार टीकमगढ़, भोपाल एवं छतरपुर में पुलिस ने 1-1 अवैध हथियार जब्त किए हैं।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने, निर्माण करने एवं आपराधिक गतिविधियों में उपयोग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
