Sep 23 2026 / 10:24 PM

निजामुद्दीन मामले पर बोला स्वास्थ्य मंत्रालय- यह गलती निकालने का समय नहीं…

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मामले बहुत ही तेजी से बढ़ रहे हैं। पूरे देश में संक्रमितों की संख्‍या 1251 हो गई और 46 लोगों की मौत हो गई है। इसको लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस की। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 227 लोग कोविड-19 से संक्रमित हुए हैं और तीन लोगों की मौत हुई है।

इसको लेकर स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने एक पावर कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी कोरोना वायरस पर रिसर्च करेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि कुछ लोकेशन पर लोगों का समर्थन नहीं मिलने से ये केस बढ़ें हैं। इसलिए कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में हम तभी सफल होंगे जब सबका समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोग लॉकडाउन का समर्थन करें तभी लड़ाई में सफलता मिलेगी।

निजामुद्दीन मरकज में कोविड-19 के मामलों पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हम सभी को समझने और सराहना करने की आवश्यकता है कि यह गलती निकालने का समय नहीं है। हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम जिन क्षेत्रों में कोई मामला पाते हैं, उसमें हमारी नियंत्रण प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाए।

लव अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने जिलाधिकारियों, नगर निगमों और पुलिस को महामारी रोग अधिनियम के तहत एक आदेश जारी किया है, जिसमें उन मामलों को देखने के लिए है, जहां लैंडलॉड डॉक्टरों और नर्सों को अपनी प्रॉपर्टी खाली करने के लिए मजबूर कर रहे हैं।

वहीं, आईसीएमआर की तरफ से आर गंगाखेडकर ने जानकारी दी कि अब तक हमने 42,788 नमूनों का परीक्षण किया है, जिनमें 4,346 नमूनों का कल परीक्षण किया गया था। यह हमारी क्षमता का 36 फीसदी प्रतिनिधित्व करता है। 123 प्रयोगशालाओं को कार्यात्मक बनाया गया है। 49 निजी प्रयोगशालाओं को अनुमति दी गई है। कल निजी प्रयोगशालाओं में 399 रोगियों का परीक्षण किया गया।

Share With

मध्यप्रदेश