Sep 23 2026 / 10:25 PM

मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर पहुंचे प्रवासी मजदूर, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

मुंबई। देश में लॉकडाउन के बावजूद मुंबई के बांद्रा रेलवे स्‍टेशन पर भारी संख्‍या में प्रवासी मजदूर इकट्ठा हो गए। लॉकडाउन की अवधि बढ़ जाने के बाद ये सभी अपने घर वापस जाना चाहते थे। मजदूरों का कहना था कि उनके पास खाने को कुछ नहीं है। उन्हें उनके गांव वापस जाने दिया जाए। पुलिस प्रशासन ने इन लोगों को समझाने की कोशिश की और इन पर लाठीचार्ज भी करना पड़ा। बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद भीड़ कम हो गई है।

इस घटना के बाद गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 4 बजे हजारों लोग बांद्रा स्टेशन के बाहर जमा हो गए थे। ये सभी मजदूर थे और लॉकडाउन के चलते अपने घरों में मौजूद थे। उन्हें भरोसा था कि लॉकडाउन खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ इसलिए वह अधीर होकर घरों से बाहर निकल आए। हम उनके खाने-पीने का इंतजाम कर रहे हैं।

इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि गुजरात के सूरत में भी इस तरह की तस्वीर लोगों ने देखी। मजदूरों को उनके घर वापस भेजने का इंतजाम नहीं किया गया। कई लोगों ने रुकने और खाना खाने से इनकार कर दिया। पूरे महाराष्ट्र में कुल 6 लाख लोग शेल्टर होम में हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के बीच आपसी समन्वय से इन मजदूरों को उनके घर वापस भेजा जा सकता है। बांद्रा में जो भीड़ इकट्ठा हुई थी, वह अब खत्म हो गई है।

वहीं, सूरत में भी मंगलवार को सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये लोग भी प्रवासी मजदूर थे, जो लॉकडाउन के दौरान खाने-पीने की कमी की समस्या बता रहे थे। ये लोग यहां के वाराछा इलाके में स्थित कपड़ा मिलों में काम करने वाले मजदूर थे। इनका कहना था कि लॉकडाउन में खाना-पीना नहीं मिल रहा है और ऐसे में इन्हें इनके गांव जाने दिया जाए।

Share With

मध्यप्रदेश