Apr 22 2026 / 9:51 PM

नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुंग ने दिया इस्तीफा

काठमांडू। नेपाल के पीएम बालेन शाह को सरकार गठन के 26 दिन में ही बड़ा झटका लगा है। बालेन शाह सरकार में गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने विवाद में घिरने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है।

सुदन गुरुंग पर विवादित कारोबारी दीपक भट्टा के साथ व्यापारिक साझेदारी और माइक्रो इंश्योरेंस कंपनियों में संदिग्ध निवेश के गंभीर आरोप लगे थे। नेपाल के छात्रों और तमाम अन्य लोगों ने सुदन गुरुंग के खिलाफ आवाज उठाई थी।

सुदन गुरुंग के बालेन शाह सरकार के गृहमंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग जोर पकड़ रही थी। उन पर आय से ज्यादा संपत्ति के भी आरोप लगे हैं। सुदन गुरुंग नेपाल के गृहमंत्री बनने के बाद से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखा रहे थे, लेकिन आखिरकार भ्रष्टाचार के आरोप में ही उनको पद छोड़ना पड़ा।

नेपाल की मीडिया में कई ऐसे दस्तावेज आए, जिनकी वजह से सुदन गुरुंग की स्थिति खराब हुई और उनके खिलाफ नेपाल में माहौल बदलने लगा। अन्य राजनीतिक दलों ने भी नेपाल के गृहमंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए थे।

नेपाल की बालेन शाह सरकार के गृहमंत्री पद से इस्तीफे का एलान करते हुए सुदन गुरुंग ने फेसबुक पर लिखा कि वो 13 चैत्र 2082 यानी 26 मार्च 2026 से गृहमंत्री के तौर पर कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते रहे हैं। गुरुंग ने लिखा कि हाल ही में उन्होंने अपने शेयर और संबंधित मामलों पर नेपाल के नागरिकों की ओर से उठाए गए सवालों, टिप्पणियों और चिंताओं को गंभीरता से लिया है।

सुदन गुरुंग ने लिखा है कि पद संभालने से पहले जनता का भरोसा सबसे ऊपर होना चाहिए। उन्होंने लिखा कि नैतिकता किसी भी पद से महत्वपूर्ण है और जनता के भरोसे से बढ़कर कोई ताकत नहीं। सुदन गुरुंग ने लिखा है कि जेन जी आंदोलन सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करता है। यही संदेश देता है कि सार्वजनिक जीवन स्वच्छ और नेतृत्व जवाबदेह होना चाहिए।

Share With

मध्यप्रदेश