जिंदगी से महत्वपूर्ण कुछ नहीं, आईपीएल इंतजार कर सकता है: रैना
मुंबई। कोरोना वायरस का कहर हर गुजरते दिन के साथ भारत में बढ़ता जा रहा है। कोरोना वायरस के चलते इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के आयोजन की संभावना नहीं के बराबर ही हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज सुरेश रैना ने कहा है कि आईपीएल तो इंतजार कर सकता है लेकिन लोगों की जिंदगी नहीं।
सुरेश रैना ने साफ कर दिया है कि यह लाखों लोगों की जिंदगी का सवाल है इसलिए उन्हें आईपीएल का इंतजार करने में कोई हर्ज नहीं है। सुरेश रैना ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में 52 लाख रुपये का सहयोग भी दिया है। उन्होंने कहा, अभी के लिए सवाल सिर्फ जिंदगी का है, जिंदगी से महत्वपूर्ण कुछ नहीं है आईपीएल तो इंतजार कर सकता है।
रैना ने इसके साथ ही लॉकडाउन को फॉलो करने की अपील भी की है। रैना ने कहा, हमें सरकार की सारी बातों का पालन करना चाहिए और लॉकडाउन को मानना चाहिए। जब जिंदगी के लिए हालात दोबारा से बेहतर बन जाएंगे तो हम आईपीएल के बारे में सोच सकते हैं। इस वक्त सबसे ज्यादा जरूरत लोगों की जिंदगी बचाने की है।
रैना पिछले हफ्ते दूसरी बार पिता बने हैं। रैना की पत्नी ने अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया जिसका नाम रियो रखा गया है। रैना सोशल मीडिया के जरिए लोगों से कोरोना वायरस को लेकर हिदायत बरतने की अपील भी कर रहे हैं। रैना ने लोगों में जागरूकता लाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो रिलीज किए हैं।
