Sep 25 2026 / 12:29 AM

उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल का हिस्सा टूटा, 40 से ज्यादा मजदूर फंसे

नई दिल्ली। दीपावली के दिन उत्तराखंड में बड़ा हादसा होने की खबर है। उत्तरकाशी के सिलक्यारा-डंडालगांव के बीच निर्माणाधीन टनल का एक हिस्सा टूट गया है। ये निर्माणाधीन टनल सिलक्यारा की ओर से 150 मीटर आगे की ओर टूटी है। मिली जानकारी के मुताबिक इस भयानक हादसे में काफी संख्या में मजदूरों के टनल के अंदर फंसे होने की खबर सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार, नवयुगा कंपनी के 40 से ज्यादा मजदूर सुरंग के अंदर काम कर रहे थे, जो भूस्खलन के कारण सुरंग के अंदर ही फंस गए। हालांकि अभी श्रमिकों की सही संख्या का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही उत्तराखंड सरकार और प्रशासन की टीमों ने घटनास्थल पर बचाव अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि अंदर मजदूरों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

ADG कानून व्यवस्था एपी अंशुमान ने बताया कि हादसे में अभी तक किसी के हताहत की खबर नहीं है। एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल पुलिस बल के साथ मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। अंशुमान ने बताया यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग के अंदर भूस्खलन आज सुबह 5 बजे के आसपास हुआ।

जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलक्यारा से डंडालगांव तक निर्माणाधीन सुरंग के अंदर भूस्खलन हुआ है। SDRF और अन्य बचाव दल मलबा हटाने का काम कर रहे हैं। वहीं मौके पर पांच एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं।

Share With

मध्यप्रदेश