Sep 24 2026 / 8:11 AM

पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश में कोरोना वायरस महामारी के कारण उत्पन्न स्थिति पर चर्चा के लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बात की। बैठक में उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए यह चर्चा करीब 3 घंटे चली। समय की कमी की वजह से सिर्फ नौ मुख्यमंत्री ही बात कर पाए।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक महीने और लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की है। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा कि वे अपने राज्य में लॉकडाउन 3 मई के बाद भी जारी रखना चाहते हैं। हालांकि, ग्रीन जोन वाले इलाकों में कुछ छूट दी जाएगी। गोवा के सीएम ने भी लॉकडाउन की अवधि बढ़ाए जाने की बात कही। हालांकि, इस पर पीएम मोदी ने हर राज्य से लॉकडाउन को लेकर प्लान बनाने को कहा है.

पीएम मोदी ने इस बैठक में कहा कि लॉकडाउन से हजारों लोगों की जान बची। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का काफी फायदा हुआ। हम पिछले डेढ़ महीने में हजारों लोगों की जान बचाने में सफल रहें। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों की तुलना में यहां कोरोना का असर उतना नहीं हुआ है।

पीएम ने राज्यों से हॉटस्पॉट और रेड जोन वाले क्षेत्रों में लॉकडाउन सख्ती से लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्यों को कोशिश करनी चाहिए कि रेड जोन को ऑरेंज जोन में और उसके बाद ग्रीन जोन में तब्दील किया जाए।

पीएम मोदी ने कहा कि हमें देश की अर्थव्यवस्था पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था की सेहत ठीक है और हमें इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। ऑरेंज और ग्रीन जोन में आर्थिक गतिविधियों को छूट दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि साथ-ही-साथ हमें कोविड-19 से भी लड़ना होगा। उन्होंने बैठक में तकनीक के इस्तेमाल और सुधारत्मक कदम उठाने पर बल दिया।

बैठक में शामिल होने वाले मुख्यमंत्रियों में अरविंद केजरीवाल (दिल्ली), उद्धव ठाकरे (महाराष्ट्र), ईके पलानीस्वामी (तमिलनाडु), कोनराड संगमा (मेघालय) त्रिवेंद्र सिंह रावत (उत्तराखंड) और आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश) शामिल थे। मेघालय, मिजोरम, पुड्डुचेरी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, बिहार, गुजरात और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों को बैठक में बोलने का मौका मिला। वहीं अन्य मुख्यमंत्रियों से अपने सुझाव लिखित में देने के लिए कहा गया है।

Share With

मध्यप्रदेश