कोरोना संकट: एक बार फिर देश को संबोधित कर सकते हैं पीएम मोदी
नई दिल्ली। पूरी दुनिया इन दिनों कोरोना वायरस की चपेट में है। भारत भी इस वायरस से अछूता नहीं है। देश में छह हजार से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित है, जबकि 199 लोगों की मौत हो गई है। मामले की गंभीरता का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि देश में 21 दिनों का लॉकडाउन किया गया है।
लॉकडाउन की अवधि अगामी 14 अप्रैल यानी मंगलवार को खत्म हो रही है, लेकिन, चर्चाओं का बाजार गर्म है कि लॉकडाउन का समय एक बार फिर बढ़ सकता है। कहा यहां तक जा रहा है कि मंगलवार 14 अप्रैल को लॉकडाउन खत्म होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को एक बार फिर संबोधित कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अपने संबोधन से पहले कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक होनी है।
ओडिशा लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने वाला पहला राज्य है। उसने 30 अप्रैल तक लॉकडाउन और 17 जून तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र से उड़ानें भी बंद रखने की अपील की है। इसके अलावा पंजाब ने भी कर्फ्यू 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। कर्नाटक भी लॉकडाउन बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, असम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पुड्डुचेरी भी लॉकडाउन बढ़ाने के पक्ष में हैं।
